Saturday, 20 Jun 2026

शास्त्रीय संगीत का सुंदर कार्यक्रम

IMG

गुरुपूर्णिमा के अवसर पर दुर्गापुर की ‘संगीतम’संस्था द्वारा नेताजी भवन में सुंदर शास्त्रीय संगीत कार्यक्रम का आयोजन हुआ जिसमें कई प्रसिद्ध कलाकारों ने सुंदर प्रस्तुति दी । 

सर्वप्रथम संगीतम संस्था के अध्यक्ष बिमल मित्र,समाज-सेवी सुदेव रॉय, शिक्षाविद देवव्रत घोष,गायक पंकज श्रीवास्तव, प्रो अरुण उपाध्याय, बुद्धदेव सेन गुप्त, रणजीत कुमार आदि ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया फिर संस्था के बच्चों ने मधुर सरस्वती वंदना प्रस्तुत की ।

संगीत गुरु बिमल मित्र द्वारा प्रस्तुत ध्रुवपद में मियां मल्हार, झपताल में प्रस्तुत मेघ मल्हार, रामदासी मल्हार, जयंत मल्हार आदि की प्रस्तुति ने वर्षा ऋतु को मानो आँखों के आगे जीवंत कर दिया ।  इसराज पर विश्वायन रॉय, बाँसुरी पर डॉ देवाशीष विश्वास, पखावज पर देवाशीष चटर्जी ,हारमोनियम पर गौतम दत्त तथा तबले पर हरिसाधन मुखर्जी ,तपन बक्षी की संगत ने कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिया । मधुमिता मित्र ने राग गौड़ मल्हार तथा पंडित तुषार दत्त ने मियां मल्हार की सुंदर प्रस्तुति दी । इनके साथ तबले पर क्रमशः हरिसाधन मुखर्जी तथा पिनाकी चक्रबर्ती ने कुशल संगत की । कलकते से आई पंडित तुषार दत्त की दो शिष्याएं अनंदिता एवं निवेदिता बहनों ने गौड़ मल्हार राग प्रस्तुत कर सभी का दिल जीत लिया । इनके साथ तबले पर संगत प्रसिद्ध तबला वादक दिलीप मुखर्जी कर रहे थे । 

अपने संबोधन में साहित्य संगीत कला मंच के सचिव रणजीत कुमार ने कहा कि इस दौड़ती भागती जीवन शैली के बीच शास्त्रीय संगीत के धरोहर को बचाकर रखने में बिमल मित्र जैसे संगीतज्ञों का बहुत बड़ा योगदान है । हम सबको मिलकर शास्त्रीय संगीत को बढ़ावा देने की दिशा में सक्रिय रहने की जरूरत है ।

इस अवसर पर दुर्गापुर एवं इसके आसपास से आए कलाकार सैकड़ों छात्र-छात्राओं, कलाकारों, संगीत प्रेमियों  ने इस मनोरम सुर-गंगा में देर रात तक डुबकियाँ लगाते रहे । 

 

Share: